रायगढ़, 19 जुलाई। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छापरपानी में महिला एवं उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव के बाहर स्थित एक सुनसान बोर मकान में दोनों के रक्तरंजित शव मिलने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं और पुलिस अधिकारियों को शीघ्र आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छापरपानी निवासी बुधियारो नागवंशी (42 वर्ष) ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मौसेरी बहन बरत कुमारी (35 वर्ष) का विवाह लगभग चार-पांच वर्ष पूर्व हुआ था। पति की मृत्यु के बाद उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी, जिसके चलते वह अपने मायके में रह रही थी। वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमती रहती थी और पिछले कुछ समय से गांव के प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में अपनी 10 माह की बेटी परी के साथ रह रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार 16 जुलाई की सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच जब प्रार्थिया सुकवांस से चावल लेकर लौट रही थी, तभी गांव के ननकूराम ने उसे बताया कि बरत कुमारी के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने मारपीट की है और उसके सिर तथा चेहरे से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य बेहद दर्दनाक था। बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी, जबकि उसकी 10 माह की मासूम बेटी परी भी गंभीर रूप से घायल मिली, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी एवं थाना लैलूंगा पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं थाना लैलूंगा पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी लेने के साथ संदेहियों से पूछताछ की और विवेचना टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच कर रही है तथा संभावित आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा
“पुलिस टीम हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। उपलब्ध सभी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे छापरपानी गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर इस सनसनीखेज मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

