लैलूंगा/रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजा की बड़ी खेप ले जा रहे एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26.484 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त आई10 कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा सीमा से गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर लैलूंगा–पत्थलगांव मार्ग पर कटकलिया–फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी कराई। उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक कार मोड़कर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24 वर्ष) निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वाहन की तलाशी लेने पर कार से 13 पैकेट गांजा बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 26.484 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत ₹13,24,200 आंकी गई। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त आई10 कार (अनुमानित कीमत ₹3 लाख) भी जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹16,24,200 मूल्य की संपत्ति जब्त की।
आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 20(बी), एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान, आरक्षक शशिभूषण उरांव एवं राजू तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
“रायगढ़ जिले की सीमाओं का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार तेज की गई है। नशे के कारोबार में संलिप्त प्रत्येक तस्कर के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026
