15 अगस्त तक सड़क मरम्मत का प्रशासन ने दिया आश्वासन, फिर भी आंदोलनकारियों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
लैलूंगा/रायगढ़। केशला-तोलगे की वर्षों से जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़क के विरोध में शनिवार को आयोजित चक्का जाम आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। आंदोलन के दौरान प्रसिद्ध कथा व्यास आयुष कृष्ण महाराज की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने आंदोलन स्थल पर भजन एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर लोगों का उत्साह बढ़ाया और जनहित की इस लड़ाई में अपना समर्थन व्यक्त किया।
कई घंटों तक चले चक्का जाम के बाद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने 15 अगस्त तक सड़क को आवागमन योग्य बनाने का आश्वासन दिया। प्रशासन के इस लिखित/मौखिक आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए चक्का जाम समाप्त कर दिया।
हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी पहले से भी अधिक व्यापक और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
इस दौरान आयुष कृष्ण महाराज ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर समाज का हर वर्ग एकजुट होकर आवाज उठाए। उन्होंने अपने भजनों और संदेशों के माध्यम से लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि महाराज केवल धार्मिक प्रवचन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यही कारण है कि वे क्षेत्र के युवाओं की आवाज और प्रेरणा बनते जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले लगभग दो दशकों से बदहाल सड़क के कारण आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार प्रभावित हो रहा है। अब यदि तय समयसीमा में वादा पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन और भी बड़े स्तर पर किया जाएगा।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026





