रायपुर/जशपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा देशव्यापी “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
देशभर के लगभग 25 हजार केंद्रों पर एक साथ आयोजित इस अभियान में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम में MY Bharat के स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 100 सप्ताह तक चलने वाले “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का औपचारिक शुभारंभ किया। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रविवार देशभर में जनजागरूकता रैलियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिटनेस गतिविधियां, योग एवं ध्यान सत्र, सामुदायिक सहभागिता और अन्य रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसी क्रम में जशपुर जिले के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, घोलेंग में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा और सुना। विद्यालय के प्राचार्य दुर्गेश पाठक ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं ने नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में आगे बढ़ेंगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य और अधिक सशक्त होगा।
इस अभियान के माध्यम से देशभर में युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने, नशा मुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

