कमरगा, लैलूंगा (रायगढ़)। सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर ग्राम कमरगा स्थित प्रसिद्ध बेल्टोंगरेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरे दिन भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित करते रहे। कई श्रद्धालु कांवड़ में पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक किया।
सावन के प्रथम सोमवार को देखते हुए मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे हिल स्टेशन क्षेत्र में स्थित बेल्टोंगरेश्वर महादेव मंदिर का धार्मिक महत्व भी विशेष माना जाता है। सावन माह में यहां प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

