रायपुर, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, पुनर्वास और विकास को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बीजापुर जिले के 95 आत्मसमर्पित नक्सलियों को 1 करोड़ 40 लाख 86 हजार 700 रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है।
यह राशि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल तथा वन एवं जलवायु मंत्री एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार की नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत एवं पुनर्वास नीति-2025 के तहत प्रदान की जा रही है।
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने नीति के प्रावधानों के अनुसार शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि के आहरण एवं वितरण की स्वीकृति दी है।
राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य आत्मसमर्पित नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा समाज में पुनर्स्थापित करना है। पुनर्वास नीति के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सामाजिक समरसता और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य बस्तर सहित नक्सल प्रभावित इलाकों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार का मानना है कि पुनर्वास नीति से आत्मसमर्पण करने वालों को नया जीवन शुरू करने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं विकास का मार्ग और मजबूत होगा।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

