थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, लगातार पांच मुकाबले जीतकर हासिल किया गोल्ड
रायगढ़। रायगढ़ की उभरती हुई ताइक्वांडो खिलाड़ी आनिया सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और रायगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की।
सब-जूनियर बालिका अंडर-20 किलोग्राम वर्ग में आनिया ने लगातार पांच मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका की खिलाड़ी को हराया। दूसरे मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की खिलाड़ी को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में आनिया ने कंबोडिया की खिलाड़ी को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। सेमीफाइनल में उन्होंने रूस की खिलाड़ी को 13-6 के बड़े अंतर से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में आनिया ने मेजबान थाईलैंड की खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इतना ही नहीं, प्रतियोगिता के एक अन्य वर्ग में भी आनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इस तरह उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल दो पदक (एक स्वर्ण और एक कांस्य) हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
आनिया सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे रायगढ़ जिले में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और नागरिकों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उनकी सफलता न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

