एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अभियान तेज, दुर्घटना संभावित मार्गों पर Tree Marker लगाकर वाहन चालकों को किया जा रहा सतर्क
रायगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में सड़क किनारे स्थित वृक्षों पर Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को सड़क किनारे मौजूद पेड़ दूर से ही स्पष्ट दिखाई दें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
यह अभियान एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन तथा ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमें जिले के प्रमुख और दुर्घटना संभावित मार्गों का सर्वे कर चिन्हित स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले रेडियम रिफ्लेक्टर लगा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात के समय सड़क किनारे खड़े पेड़ अक्सर अंधेरे में दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार या विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही दूर से चमकते हैं और चालक को पहले से सतर्क कर देते हैं। यह छोटा लेकिन अत्यंत प्रभावी प्रयास सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभियान के तहत उर्दना–गेरवानी–लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर–बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार–हमीरपुर मार्ग में सड़क किनारे चिन्हित पेड़ों पर Tree Marker लगाए गए हैं। आने वाले दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील और दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से यह कार्य जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात्रि में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक रूप से हाई बीम का उपयोग न करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सड़क संकेतकों एवं रिफ्लेक्टर मार्किंग का सम्मान करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।
पुलिस का कहना है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

