मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले— स्वच्छ ऊर्जा, किसानों की आय और हरित विकास को मिलेगी नई गति, जैव ईंधन क्षेत्र में बनेगा राष्ट्रीय मॉडल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पूंजीगत निवेश विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के अंतर्गत राज्य को 50 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। यह राशि कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) इकोसिस्टम के विकास के लिए दी गई है और इस योजना के तहत यह सम्मान प्राप्त करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैव ईंधन के क्षेत्र में तेजी से राष्ट्रीय पहचान बना रहा है और यह उपलब्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग तथा छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण की पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि नई कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति-2026 कृषि, ऊर्जा और पर्यावरण के क्षेत्र में परिवर्तनकारी साबित होगी। इससे कृषि अवशेषों का वैज्ञानिक उपयोग होगा, किसानों को अतिरिक्त आय मिलेगी तथा पराली और अन्य जैविक अवशेषों के बेहतर प्रबंधन से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्य सरकार ने 8 जून 2026 को छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति-2026 अधिसूचित की थी। इस नीति के तहत कृषि अपशिष्ट, पैडी स्ट्रॉ और अन्य बायोमास का उपयोग कर स्वच्छ गैसीय ईंधन का उत्पादन किया जाएगा। इससे किसानों को बायोमास बेचकर अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, वहीं संयंत्रों से मिलने वाली जैविक खाद जैविक खेती को बढ़ावा देगी।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार निवेश बढ़ाने, उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और विभागों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली विकसित करने पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में 3 अगस्त 2026 को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में प्रमुख सचिव ऊर्जा सुबोध कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बायोमास संग्रहण, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, जैव उर्वरक के उपयोग, निवेश प्रोत्साहन और विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित सरकार ने राज्य में सीबीजी संयंत्रों की स्थापना, निवेश संभावनाओं और भावी कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में उद्योग, कृषि, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशुधन विकास, परिवहन तथा पर्यावरण संरक्षण मंडल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को जैव ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। सीबीजी नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में निवेश, रोजगार, किसानों की आय, जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलेगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
