रायगढ़, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया। इनमें रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके दीर्घकालीन समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के जिन 11 अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए घोषित किए गए थे, उनमें श्री शशि मोहन सिंह का नाम सराहनीय सेवा पदक पाने वाले अधिकारियों में शामिल रहा।
1997 में शुरू हुआ पुलिस सेवा का सफर
श्री शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा में चयनित होकर अपने पुलिस सेवाकाल की शुरुआत की। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं देने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के पश्चात उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जनसेवा के मोर्चे पर उनके कार्यों ने उन्हें एक अनुभवी एवं सशक्त पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।
अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी पहचान
पुलिस सेवा के साथ श्री शशि मोहन सिंह के व्यक्तित्व का रचनात्मक पक्ष भी उल्लेखनीय रहा है। वे अच्छे अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। अपनी रचनात्मक अभिरुचियों के माध्यम से उन्होंने पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद, संवेदनशील पुलिसिंग तथा सकारात्मक सामाजिक संदेशों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।
पुलिस सेवा में उनके कार्यों और व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों के लिए उन्हें समय-समय पर अलग-अलग मंचों पर सम्मानित भी किया जाता रहा है।
रायगढ़ पुलिस परिवार में हर्ष
स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के सीने पर सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक सुशोभित होना रायगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि लंबे सेवाकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पहचान है।
राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलने से रायगढ़ पुलिस परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
