रायगढ़। जिले के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही अच्छी बारिश के बीच सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद केलो डैम में पानी की आवक लगातार बढ़ती रही। जलभराव को देखते हुए मंगलवार सुबह करीब 7 बजे डैम के 6 गेट खोल दिए गए। वर्तमान में डैम में 231.8 मीटर पानी है, जबकि इसका अधिकतम जलभराव स्तर 233 मीटर है।
डैम के गेट खोले जाने के बाद केलो नदी में पानी का बहाव तेज हो गया और जलस्तर बढ़ गया। नदी में बढ़े जलस्तर के चलते कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाला चक्रपथ पानी में डूब गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने रास्ते के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
🚨 चक्रपथ बंद होने से कई मार्गों पर बढ़ा यातायात दबाव
चक्रपथ के बंद होने से चक्रधर नगर रोड, नया शनिमंदिर रोड और पंजरी प्लांट से जेल कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया। इन मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
🌊 नदी का जलस्तर करीब 3 फीट तक बढ़ने की संभावना
प्रशासन के अनुसार केलो जलाशय में लगातार अधिक मात्रा में पानी की आवक हो रही है, जिसके कारण जलाशय से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे केलो नदी के जलस्तर में करीब 3 फीट तक वृद्धि होने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नागरिकों को नदी किनारे, जलभराव वाले क्षेत्रों और संभावित बाढ़ प्रभावित स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
👁️ लगातार की जा रही मॉनिटरिंग
केलो परियोजना के ईई एमके गुप्ता ने बताया कि रातभर डैम में लगातार पानी की आवक होती रही। इसे देखते हुए मंगलवार सुबह 6 गेट खोले गए हैं। फिलहाल डैम में 231.8 मीटर पानी है, जबकि अधिकतम जलभराव स्तर 233 मीटर है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और डैम की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
