रायगढ़। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में ग्रामीण चैतराम यादव उर्फ महेश यादव की टांगी से वार कर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को कापू पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पखनाकोट निवासी 50 वर्षीय चैतराम यादव उर्फ महेश यादव की टांगी मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
घर की परछी में मिला था शव
घटनास्थल पर मृतक के 47 वर्षीय भतीजे वासुदेव यादव ने पुलिस को बताया कि मृतक की पत्नी के अनुसार 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात गांव का ही 45 वर्षीय नैहर साय मांझी उनके घर आया था। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान नैहर साय मांझी ने चैतराम यादव पर टांगी से हमला कर दिया।
घटना के बाद चैतराम यादव का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
कड़ी पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान कापू पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नैहर साय मांझी को गांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि इलाज कराने की बात और आपसी कहासुनी को लेकर हुए विवाद के बाद उसने चैतराम यादव पर टांगी से हमला किया था।
वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल टांगी को छाताघुरा जंगल में एक पत्थर के नीचे छिपा दिया था।
निशानदेही पर जंगल से टांगी बरामद
आरोपी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर पुलिस टीम छाताघुरा जंगल पहुंची, जहां आरोपी की निशानदेही पर पत्थर के नीचे छिपाकर रखी गई टांगी बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी नैहर साय मांझी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में कापू पुलिस टीम द्वारा की गई।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
