वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन, जनसहयोग से बनेगी 10 टन वजनी प्रतिमा
रायगढ़, 7 मई 2026/रायगढ़ शहर के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र गजमार पहाड़ मंदिर को भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने यहां प्रस्तावित 51 फीट ऊंची कांस्य बजरंगबली प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूरे मंदिर परिसर में “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भूमिपूजन के पश्चात विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ अब केवल औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 10 टन वजनी यह प्रतिमा जनसहयोग से निर्मित की जाएगी, जो शहरवासियों की आस्था और सहभागिता का प्रतीक होगी।
उन्होंने आगे कहा कि गजमार पहाड़ मंदिर पहले से ही श्रद्धालुओं का प्रमुख आस्था केंद्र रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रतिमा स्थापना के बाद यह स्थल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन, रोजगार और छोटे व्यापारों को बढ़ावा मिलेगा।
वित्त मंत्री ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रतिमा समाज की सामूहिक शक्ति और श्रद्धा का प्रतीक बनेगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

