रायगढ़, 8 मई 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम संबलपुरी के रहने वाले होनहार युवा अजय गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 91 प्राप्त की है। परिणाम घोषित होते ही पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
साधारण किसान परिवार से आने वाले अजय की यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता एक किसान हैं और अजय का पूरा जीवन ग्रामीण परिवेश में बीता है।
भारतीय वन सेवा देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में से एक है, जिसमें चयन के लिए कठिन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार से गुजरना पड़ता है। ऐसे प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में देशभर में 91वीं रैंक प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है।
गौरतलब है कि अजय गुप्ता इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। उन्होंने हाल ही में घोषित UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में भी ऑल इंडिया रैंक 452 हासिल की थी। लगातार दो राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता पाकर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे रायगढ़ जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
अजय की इस सफलता से उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। परिणाम घोषित होते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अजय गुप्ता आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सपने बड़े हों और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

