रायगढ़, 20 मई 2026। प्रदेश में सुरक्षा, सेवा और सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में रायगढ़ जिले को छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन योजना के तहत 16 अत्याधुनिक आपातकालीन वाहनों की बड़ी सौगात मिली है। आज पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि नई तकनीक से लैस ये वाहन जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक तेज, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा डॉयल-112 योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नई डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन योजना के तहत अब केवल पुलिस सहायता ही नहीं, बल्कि मेडिकल इमरजेंसी, फायर ब्रिगेड सेवा, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन एवं नेशनल हाईवे सहायता सेवाओं को भी एकीकृत किया गया है। इससे आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से त्वरित मदद उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन वाहनों में अत्याधुनिक संचार प्रणाली, जीपीएस ट्रैकिंग, त्वरित रिस्पांस तकनीक और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं, जिससे घटनास्थल तक कम समय में पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई संभव होगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आधुनिक तकनीक और बेहतर रिस्पांस सिस्टम के माध्यम से आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डॉयल-112 सेवा विस्तार से जिलेवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और पुलिस सहायता पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

