रायगढ़िया कदमों ने फिर नापा एवरेस्ट बेस कैंप, पर्वतारोही याशी जैन के नेतृत्व में फहराया तिरंगा
रायगढ़/काठमांडू (नेपाल)
रायगढ़ के दो उत्साही मित्रों ने पर्वतारोही याशी जैन के नेतृत्व में विश्व के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप पर तिरंगा फहराकर नया इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि से पूरे रायगढ़ जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
रायगढ़ निवासी अखिलेश जैन एवं मनोज सिंह ने 11 मई को रायगढ़ से अपनी रोमांचक यात्रा प्रारंभ की थी। नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचने के बाद 13 मई से उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप की कठिन ट्रैकिंग शुरू की। लगभग 60 किलोमीटर लंबे इस दुर्गम मार्ग में टीम को समुद्र तल से 5364 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचना था।
यात्रा के दौरान ऑक्सीजन की कमी, लगातार बदलते मौसम और कठिन पहाड़ी रास्तों जैसी कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन पूरी टीम ने साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए हार नहीं मानी। आखिरकार 22 मई को दोपहर करीब 2 बजे टीम ने सफलतापूर्वक एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचकर तिरंगा फहराया।
इस अभियान का नेतृत्व कर रहीं पर्वतारोही याशी जैन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी ऊंचाई बड़ी नहीं होती। उनकी इस उपलब्धि ने युवाओं को साहस, आत्मविश्वास और रोमांच के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
गौरतलब है कि अखिलेश जैन, पर्वतारोही याशी जैन के पिता हैं और रायगढ़ स्थित Punjab National Bank में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं मनोज सिंह Jindal Steel में कार्यरत हैं।
रायगढ़ के इन साहसी कदमों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे शहरों के सपने भी दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों तक पहुंच सकते हैं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

