रायगढ़ यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई : 120 वाहन चालकों पर चालान, ₹1.51 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
रायगढ़/शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 मई 2026 को डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने हाईवे एवं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर भारी वाहनों के विरुद्ध रिकॉर्ड चालानी कार्रवाई की गई। वहीं शहर एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर ओवर स्पीड, खतरनाक ड्राइविंग, नो पार्किंग, नियम विरुद्ध रजिस्ट्रेशन नंबर, तीन सवारी, बिना हेल्मेट तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पूरे अभियान में कुल 120 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें वाहन चालकों से ₹1,51,700 की चालानी राशि वसूली गई।
गौरतलब है कि एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए लगातार सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं। हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दो गंभीर सड़क हादसों में आरोपित वाहन चालकों के विरुद्ध आपराधिक मानव वध की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना भी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा —
“सड़क पर लापरवाही किसी भी परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती है। तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और यातायात नियमों का उल्लंघन सीधे लोगों की जिंदगी को खतरे में डालता है। यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। रायगढ़ पुलिस द्वारा नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सभी वाहन चालक सुरक्षित यातायात के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं और अपनी तथा दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखें।”
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

