रायगढ़। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा रोड स्थित कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी लपटें बगल में स्थित हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं। हादसे में शोरूम में रखी करीब 43 नई और पुरानी बाइकें जलकर पूरी तरह राख हो गईं।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम में रखा प्लास्टिक और कबाड़ तेजी से धधकने लगा, जिससे आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही कई दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
इस अग्निकांड में कबाड़ गोदाम में खड़ा एक माजदा वाहन और एक छोटा हाथी वाहन भी जलकर खाक हो गया। वहीं आग से बचाने के लिए बाहर निकाली गई 2 से 3 बाइक चोरी होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे अफरा-तफरी के बीच अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
फिलहाल आग पर लगभग काबू पा लिया गया है, हालांकि गोदाम से अब भी धुआं उठ रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

