जनदर्शन में उमड़ी समस्याओं की भीड़, कलेक्टर ने दिए त्वरित जांच के निर्देश
रायगढ़/मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जनदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। जनदर्शन में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, श्रमिक कल्याण, राजस्व, कृषि, खनिज और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए कई मामलों में तत्काल जांच के निर्देश दिए तथा संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
वृद्ध दंपत्ति ने लगाई पेंशन की गुहार
ग्राम धौराभाठा निवासी 89 वर्षीय घासीराम साहू ने आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2002 की सर्वे सूची में नाम दर्ज नहीं होने के कारण वे और उनकी पत्नी अब तक सामाजिक पेंशन योजना के लाभ से वंचित हैं। वृद्धावस्था में आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे दंपत्ति की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को पात्रतानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नक्शा बटांकन लंबित, एसडीएम को निर्देश
महापल्ली निवासी श्रीमती सावित्री उरांव ने बताया कि नक्शा बटांकन के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
मजदूरों ने मांगी मजदूरी वृद्धि
कुडुमकेला क्षेत्र के मजदूर कल्याण संघ से जुड़े श्रमिकों ने जामपाली खुली खदान में कार्यरत मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने की मांग रखी। श्रमिकों ने बताया कि वर्ष 2022 से पुरानी दरों पर भुगतान किया जा रहा है, जो वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप काफी कम है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित कंपनी प्रबंधन को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने और मांगों का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप
उच्चभिट्ठी निवासी बालेश्वर चंदा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत रायगढ़ के एक निजी अस्पताल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में मरीज को समयपूर्व डिस्चार्ज करने, अतिरिक्त राशि वसूली और बिलिंग में पारदर्शिता नहीं रखने का आरोप लगाया गया। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मामले की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अवैध रेत खनन पर ग्रामीणों की शिकायत
ग्राम तेंदुमुड़ी के ग्रामीणों ने कुरकुट नदी में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार अवैध खनन से नदी का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने जिला खनिज अधिकारी को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने कहा।
किसानों ने उठाई खाद-बीज की समस्या
बंगुरसिया क्षेत्र के किसानों ने सेवा सहकारी समिति में पर्याप्त खाद, बीज और किसान क्रेडिट कार्ड राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
इसके अलावा जनदर्शन में अतिक्रमण हटाने, बिजली समस्या, सीमांकन, लंबित भुगतान, सड़क एवं सीसी रोड निर्माण जैसी विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। प्रशासन ने सभी मामलों में नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

