रायगढ़। हाई रिस्क जोन घोषित किए गए पंचधारी एनीकट में प्रतिबंध के बावजूद नहाने और शराब सेवन कर रहे पांच युवकों पर कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंचधारी एनीकट में लगातार डूबने और जनहानि की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को हाई रिस्क जोन घोषित किया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा 11 मई को बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी कर एनीकट एवं आसपास के क्षेत्र में नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी, रील बनाने और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कोतवाली पुलिस को क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंचधारी एनीकट में कुछ युवक डेम में नहा रहे हैं और नशा कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर दीपक कुमार यादव (24), संतोष कुमार यादव (25) और उमाशंकर साहू (21), सभी निवासी सोनूमुड़ा बजरंग पारा, थाना जूटमिल रायगढ़, डेम में नहाते मिले। पुलिस द्वारा समझाइश देने पर तीनों युवक आवेश में आ गए और उल्टा-सीधा बोलते हुए गवाहों को देख लेने की धमकी देने लगे।
किसी अप्रिय घटना और शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसी दौरान पंचधारी डेम के पास शराब सेवन करते हुए धनंजय साहू (25) निवासी जेठा थाना बाराद्वारा जिला सक्ती तथा संजु कंवर (31) निवासी रामभांठा चर्च के पास रायगढ़ को भी पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026

