व्यवसायी की मेहनत की कमाई और संपत्ति के गबन का आरोप, जांच में चोरी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की पुष्टि
एसडीओपी धरमजयगढ़ की जांच के बाद घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज, दो आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया के तहत एक महत्वपूर्ण मामले में घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई की है। आवेदक पिंगल कुमार बघेल (41 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 05, छाल रोड, घरघोड़ा द्वारा प्रस्तुत शिकायत की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई।
जांच में व्यवसायी की मेहनत की कमाई एवं संपत्ति के कथित गबन से जुड़े आरोपों में प्रथम दृष्टया चोरी, धोखाधड़ी एवं आपराधिक षड्यंत्र के तत्व पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में अपराध पंजीबद्ध किया गया। शिकायत के आधार पर आवेदक की पत्नी सीमा बघेल, उसके भाई कृष्ण कुमार यादव तथा एक अन्य आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है, जिसकी तलाश जारी है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच के आधार पर थाना घरघोड़ा में आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है तथा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


