रायगढ़। छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से रायगढ़ में आगामी छत्तीसगढ़ी-हिंदी फिल्म ‘अभिशाप’ के लिए भव्य ऑडिशन का आयोजन किया गया। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित इस ऑडिशन में सुबह से ही कलाकारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
5 से 60 वर्ष तक के कलाकारों ने लिया हिस्सा
रात्रे फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म के लिए आयोजित ऑफलाइन ऑडिशन में 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 60 वर्ष तक के वरिष्ठ प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फिल्म के मुख्य पुरुष एवं महिला किरदारों की तलाश के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में नए और अनुभवी दोनों तरह के कलाकारों ने अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा और अभिनय कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।
रायगढ़ की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
फिल्म के निर्देशक एवं लेखक सूर्या रात्रे ने बताया कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली कलाकारों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच प्रदान करने की है। फिल्म ‘अभिशाप’ के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
वहीं फिल्म के निर्माता संतोष महंत और गुलशन दास महंत ने आयोजन की सफलता और प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। ऑडिशन के दौरान कास्टिंग टीम के सदस्य समरू सोनी, दुकालु खुट्टे एवं सोना चौहान ने कलाकारों की अभिनय क्षमता का बारीकी से मूल्यांकन किया।
छत्तीसगढ़ी भाषा और सामाजिक संदेश पर आधारित होगी फिल्म
फिल्म निर्माताओं के अनुसार, ‘अभिशाप’ की कहानी छत्तीसगढ़ी दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। फिल्म में मनोरंजन के साथ-साथ समाज को सकारात्मक और मजबूत संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
ऑडिशन सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक लगातार चला। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही फिल्म के मुख्य कलाकारों की घोषणा की जाएगी। इसके पश्चात रायगढ़ सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न आकर्षक लोकेशनों पर फिल्म की शूटिंग शुरू की जाएगी।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026


