बैंक से निकली रकम पर थी नजर, डिक्की तोड़कर 2 लाख उड़ाने वाले नट गिरोह का पर्दाफाश
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 7 दिन जशपुर में कैंप कर तमनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 20 जून। रायगढ़ पुलिस ने उठाईगिरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बैंक से रकम निकालने वाले लोगों की रेकी कर चोरी करने वाले नट गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। तमनार क्षेत्र में हुई इस वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने लगातार सात दिनों तक जशपुर जिले में कैं कर कार्रवाई की और आखिरकार आरोपी को धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल (60 वर्ष) ने तमनार थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने तमनार स्थित अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकाले और अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दिए। इसके बाद तहसील कार्यालय में काम से जाने के दौरान बाइक बाहर खड़ी कर दी। लगभग 20 मिनट बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और उसमें रखे रुपये गायब थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में जांच शुरू हुई।
पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। जांच में पता चला कि आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। इसके बाद उसके साथी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट की तलाश शुरू की गई।
लगातार निगरानी और सात दिनों की कार्रवाई के बाद पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर के पास घेराबंदी कर आरोपी धर्मेन्द्र नट को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर बैंक से निकलने वाले लोगों की रेकी करने और मौका मिलते ही डिक्की तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि चोरी की गई रकम का हिस्सा मिलने के बाद उसने उससे नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद
चोरी की रकम से खरीदी गई नई अपाचे बाइक जब्त
डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल लोहे के औजार जब्त
कुल करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति बरामद
गिरफ्तार आरोपी:
धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट (40 वर्ष)
निवासी – ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)
एसएसपी का संदेश
“उठाईगिरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में रायगढ़ पुलिस पेशेवर तरीके से कार्रवाई कर रही है। बैंक से बड़ी राशि निकालने वाले नागरिक सतर्क रहें और अपने धन की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतें। अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं ।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


