रायगढ़, 4 जुलाई 2026।
सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक एवं नवाचारी शिक्षण पद्धतियों का लाभ दिलाने के उद्देश्य से रायगढ़ जिला प्रशासन ने एक अहम पहल की है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के चयनित शिक्षकों का दल महाराष्ट्र के सातारा जिले के म्हसवड के लिए रवाना हुआ है। यहां शिक्षक 5 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित एडवांस ट्रैवल कोच प्रोग्राम में भाग लेकर आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला अभियान है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समयपालन और पूर्ण समर्पण के साथ सीखने का आग्रह किया।
इस विशेष प्रशिक्षण में शिक्षकों को नेतृत्व विकास, प्रभावी कक्षा प्रबंधन, गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचार आधारित शिक्षा, आधुनिक शिक्षण तकनीक, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उपाय तथा व्यवहारिक शिक्षण के विभिन्न मॉडल सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण के बाद यही शिक्षक जिले के अन्य विद्यालयों में भी इन नवीन पद्धतियों का प्रसार करेंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ का शिक्षक दल अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से लौटने के बाद सभी प्रतिभागी अपने अनुभव और सीखी गई तकनीकों को अन्य शिक्षकों के साथ साझा करेंगे, ताकि जिले के प्रत्येक सरकारी विद्यालय तक आधुनिक शिक्षा की नई सोच पहुंच सके।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बदलते दौर में केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित शिक्षा पर्याप्त नहीं है। आज विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने वाली शिक्षा की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को समय के अनुरूप तैयार करते हैं और इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों के सीखने के स्तर पर दिखाई देता है।
जिला प्रशासन की इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण के बाद रायगढ़ के सरकारी विद्यालयों में शिक्षण का स्तर और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण तथा नवाचार आधारित होगा, जिससे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार होगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

