शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में 125वीं जयंती पर व्याख्यान समारोह, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का दिया संदेश
रायगढ़, 6 जुलाई 2026। देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रखर पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में गरिमामय व्याख्यान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारत माता एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
अपने संबोधन में वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, शिक्षा, सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा और अदम्य साहस का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान देते हुए भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। इस अवसर पर उन्होंने सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्रसेवा में दिए गए योगदान का भी स्मरण किया।
सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य और अनुशासन से मिलती है सफलता
युवाओं को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। व्यक्ति जैसा सोचता है, वैसा ही बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी निर्णय से पहले उसके परिणामों पर गंभीरता से विचार करने और अपने निर्णयों की जिम्मेदारी स्वयं लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि असफलताओं के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय आत्ममंथन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनानी चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से आधुनिकता को अपनाने के साथ-साथ अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं पर गर्व करने का आह्वान किया।
यह व्याख्यान समारोह युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सकारात्मक सोच, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


