रायगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते केलो डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए रविवार देर रात एहतियात के तौर पर डैम के चार गेट 25-25 सेंटीमीटर तक खोल दिए गए। इसके बाद केलो नदी का जलस्तर बढ़ गया और सोमवार सुबह छोटे रपटा पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।
रविवार दोपहर से जिले में रुक-रुककर हल्की और तेज बारिश जारी है। वहीं ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण केलो डैम में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। डैम का अधिकतम जलभराव स्तर 233.00 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर 230.30 मीटर तक पहुंच चुका है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने चार गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू कर दी है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
डैम के गेट खुलने के बाद केलो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। छोटे रपटा पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा अनावश्यक रूप से नदी-पुल के आसपास जाने वालों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
चार जोन में निगरानी व्यवस्था
संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर पूरे शहर को चार जोन में विभाजित कर अलग-अलग निगरानी टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। रविवार रात से ही ये टीमें तटीय क्षेत्रों और संवेदनशील मोहल्लों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
डैम पर लगातार नजर
केलो परियोजना के कार्यपालन अभियंता एम.के. गुप्ता ने बताया कि ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से डैम में पानी की आवक बढ़ी है। इसी कारण एहतियात के तौर पर चार गेट खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि डैम के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


