थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानून, पॉक्सो एक्ट और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
रायगढ़, 12 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत St. Ann’s High School, घरघोड़ा में आयोजित छात्र प्रेसीडेंट (Student President) चुनाव कार्यक्रम के अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन एवं छात्र-छात्राओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित लागू किए गए नवीन आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाना तथा नागरिकों के अधिकारों की बेहतर रक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है तथा अनुशासन, नैतिकता और कानून के प्रति सम्मान ही एक सशक्त एवं विकसित समाज की पहचान है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अनुशासित जीवन अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, ऑनलाइन गेमिंग तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का उपयोग हमेशा सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण कानूनों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। साथ ही डायल-112 एवं हेलो सिस्टर हेल्पलाइन (9479270533) सहित विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर निसंकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की Principal Sr. Malini Digal, Vice Principal Sr. Chinna, Manager Sr. Bertha, Teacher President Mr. Shanta Khadbande सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
“विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार, जागरूक और कानून का सम्मान करने वाले नागरिकों के निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता, अनुशासन और साइबर सुरक्षा की समझ विकसित करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

