600 में 329 अंक हासिल कर ‘प्रचेष्टा-1’ श्रेणी में शामिल हुआ जिला, डिजिटल शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और सटीक डेटा प्रबंधन बना सफलता का आधार।
रायगढ़। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा विकसित परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई 2.0) में रायगढ़ जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। जिले को कुल 600 में 329 अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके आधार पर रायगढ़ को ‘प्रचेष्टा-1’ श्रेणी में स्थान मिला है। यह उपलब्धि जिले में पिछले दो वर्षों से शिक्षा सुधार के लिए किए गए सुनियोजित प्रयासों, डिजिटल नवाचार, प्रभावी शैक्षणिक प्रबंधन और टीमवर्क का परिणाम मानी जा रही है।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के नेतृत्व, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू और डीएमसी आलोक स्वर्णकार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित निरीक्षण, शिक्षक प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षण और शैक्षणिक मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। इसी का परिणाम है कि रायगढ़ ने पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
डिजिटल शिक्षा बनी सफलता की सबसे बड़ी ताकत
जिले में स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, प्रोजेक्टर, कंप्यूटर, ई-कंटेंट तथा दीक्षा जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया गया। शिक्षकों को तकनीक आधारित शिक्षण के लिए लगातार प्रशिक्षित किया गया, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
यू-डाइस प्लस पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन
पीजीआई 2.0 में सर्वाधिक 410 अंक यू-डाइस प्लस पोर्टल से निर्धारित हैं। रायगढ़ जिले ने समयबद्ध, शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई। नियमित समीक्षा, डेटा सत्यापन और तकनीकी मार्गदर्शन के कारण जिले ने इस महत्वपूर्ण मानक पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सामूहिक प्रयासों की मिली सफलता
जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल समन्वयकों, पालकों, विद्यार्थियों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया। वहीं डीएमसी आलोक स्वर्णकार ने कहा कि पूरी शिक्षा टीम की प्रतिबद्धता और सतत प्रयासों के कारण यह उपलब्धि संभव हुई है तथा भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य रखा गया है।
इस उपलब्धि में एपीसी भूपेंद्र पटेल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता सुधार, नियमित अनुश्रवण और नवाचार आधारित गतिविधियों के सफल संचालन में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

