ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, फर्जी अंकसूची देकर कराता था भर्ती
रायगढ़, 14 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी अंकसूचियां उपलब्ध कराकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी विनोद कुमार राठौर को कोरबा से गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे धोखाधड़ी एवं कूटरचना के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार जुलाई 2023 में भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती प्रक्रिया के दौरान जिला सक्ती निवासी नरेन्द्र कुमार तथा जिला जांजगीर-चांपा निवासी सोनम साहू ने कक्षा 10वीं की फर्जी अंकसूचियां प्रस्तुत कर आवेदन किया था। दोनों का चयन रायगढ़ डाक संभाग के बर्रा एवं सुलेसा शाखा में ग्रामीण डाक सेवक के पद पर हो गया था, लेकिन दस्तावेज सत्यापन के दौरान तमिलनाडु बोर्ड से प्राप्त रिपोर्ट में अंकसूचियां पूरी तरह फर्जी पाई गईं।
अधीक्षक डाकघर रायगढ़ की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धोखाधड़ी एवं कूटरचना की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फरवरी 2026 में दोनों अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे तीन से साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की थी तथा फर्जी अंकसूचियां उपलब्ध कराई थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विनोद कुमार राठौर घटना के बाद से लगातार फरार था। जानकारी मिली कि वर्ष 2013 में नकली नोट मामले में उसे 10 वर्ष की सजा हो चुकी है। जेल से छूटने के बाद वह दोबारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने लगा।
गोपनीय सूचना पर “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने कोरबा में दबिश देकर आरोपी विनोद कुमार राठौर (47 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने फर्जी अंकसूचियां उपलब्ध कराकर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी तथा आरक्षक मुरली मनोहर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी नौकरी हासिल करने का प्रयास करने वालों तथा ऐसे गिरोह संचालित करने वाले अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

