अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में देश-प्रदेश के पहलवान दिखाएंगे दांव-पेंच, विजेताओं पर होगी नगद पुरस्कारों की बारिश
रायगढ़। कला, संस्कृति और परंपरा की गौरवशाली विरासत को संजोए 41वें चक्रधर समारोह में इस बार खेल प्रतिभाओं का रोमांच भी देखने को मिलेगा। समारोह के अंतर्गत 16 एवं 17 सितंबर को ऐतिहासिक मोती महल परिसर में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस दंगल में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से महिला एवं पुरुष पहलवान पहुंचकर अपने दमखम, कौशल और शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। अलग-अलग भार वर्गों में पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले होंगे और विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
अखिल भारतीय मुकाबलों में बड़े पुरस्कार
अखिल भारतीय स्तर की पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। 62 से 71 किलोग्राम वर्ग में प्रथम विजेता को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त पहलवान को 7,100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
महिला वर्ग में 71 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 41 हजार रुपये, द्वितीय 21 हजार रुपये एवं तृतीय 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं 62 से 70 किलोग्राम वर्ग में प्रथम 15 हजार, द्वितीय 11 हजार तथा तृतीय 7 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
राज्य स्तरीय मुकाबलों में भी पुरस्कारों की भरमार
राज्य स्तरीय पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार एवं तृतीय 4,100 रुपये रखा गया है।
इसी तरह 61 से 69 किलोग्राम वर्ग में 11 हजार, 5,100 एवं 3,100 रुपये, 56 से 60 किलोग्राम वर्ग में 7,100, 4,100 एवं 2,100 रुपये, 52 से 55 किलोग्राम वर्ग में 5,100, 3,100 एवं 1,100 रुपये तथा 48 से 51 किलोग्राम वर्ग में 3,100, 1,100 एवं 700 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित हैं। 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम 11,100, द्वितीय 7,100 एवं तृतीय 4,100 रुपये मिलेंगे। 61 से 69 किलोग्राम में 7,100, 5,100 एवं 3,100 रुपये, 56 से 60 किलोग्राम में 5,100, 3,100 एवं 2,100 रुपये, 52 से 55 किलोग्राम में 3,100, 2,100 एवं 1,100 रुपये तथा 48 से 51 किलोग्राम वर्ग में 2,100, 1,100 एवं 700 रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
मोती महल में दिखेगा दांव-पेंच और दमखम का रोमांच
चक्रधर समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मोती महल परिसर में होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। अखाड़े में पहलवानों की जोर-आजमाइश, सटीक तकनीक, शानदार दांव-पेंच और दमखम के बीच होने वाले मुकाबले दर्शकों में रोमांच पैदा करेंगे।
आयोजन समिति ने जिले एवं क्षेत्र के खेल प्रेमियों तथा नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मोती महल परिसर पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। कला की नगरी रायगढ़ में चक्रधर समारोह का यह दंगल परंपरा, संस्कृति और खेल प्रतिभा के अद्भुत संगम का गवाह बनेगा।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
