खरसिया पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में खरसिया पुलिस ने ग्राम गुरदा में मिले किशोर बालक के शव मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के मामले में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना (22 वर्ष), रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया (30 वर्ष) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि घटना वाले दिन चारों युवक ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार खेत गए थे, जहां शराब सेवन के दौरान हुए विवाद में मारपीट कर किशोर की हत्या कर दी गई और शव को छिपाने का प्रयास किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मृतक की पहचान थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का ऋषि डनसेना उसके भाई को अपनी पल्सर मोटरसाइकिल में बैठाकर काम कराने ले गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद अगले दिन सुबह किशोर का शव बरगद पेड़ के नीचे मिला।
मृतक के शरीर पर सीने, आंख एवं अन्य हिस्सों में गंभीर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने पर थाना खरसिया में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 250/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ऋषि डनसेना से पूछताछ की। उसने बताया कि घटना वाले दिन वह मृतक को अपने साथियों चन्द्रशेखर उर्फ चंदा, रघुनाथ उर्फ रघु सिंह तथा एक नाबालिग के पास छोड़कर काम पर चला गया था। बाद में जब उसने चन्द्रशेखर को फोन किया तो फोन पर झगड़ा, मारपीट और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उसने फोन पर ही विवाद बंद करने को कहा था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ एवं घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026

