रायगढ़। जिला जेल रायगढ़ में लीड बैंक कार्यालय की ओर से वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 200 कैदियों ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य कैदियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना, जिम्मेदार आर्थिक व्यवहार के प्रति प्रेरित करना तथा रिहाई के बाद उनके सफल पुनर्वास की दिशा में मार्गदर्शन देना था।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय साक्षरता न केवल आत्मनिर्भरता बढ़ाने में सहायक है, बल्कि दोबारा अपराध की संभावना को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि व्यक्ति को धन प्रबंधन की सही जानकारी हो, तो वह जेल से बाहर आने के बाद अपने जीवन को अधिक व्यवस्थित और स्थिर बना सकता है।
शिविर में अग्रणी बैंक प्रबंधक कमल किशोर सिंह ने प्रतिभागियों को व्यक्तिगत वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सरल भाषा में बजट बनाना, आय और व्यय में संतुलन बनाए रखना, बचत की आदत विकसित करना तथा चक्रवृद्धि ब्याज के लाभ के बारे में विस्तार से समझाया।
इसके साथ ही निवेश के विभिन्न विकल्पों और जोखिम प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। कैदियों को बताया गया कि छोटी-छोटी नियमित बचतें भविष्य में बड़ी पूंजी का रूप ले सकती हैं, यदि उन्हें सही दिशा में निवेश किया जाए।
कार्यक्रम में जिम्मेदारीपूर्वक ऋण लेने की प्रक्रिया पर भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को मूलधन, फ्लैट ब्याज दर, घटते-बैलेंस ब्याज दर, समान मासिक किस्त (EMI), प्रोसेसिंग फीस, फोरक्लोजर शुल्क तथा विलंब भुगतान शुल्क जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। साथ ही केवल अधिकृत बैंकिंग संस्थानों से ही ऋण लेने और अनौपचारिक स्रोतों से उधार लेने से बचने की सलाह दी गई।
डिजिटल सुरक्षा सत्र में कैदियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें स्पष्ट रूप से समझाया गया कि ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनधिकृत लेनदेन की स्थिति में तुरंत बैंक और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
उप जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह शोरी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय साक्षरता से कैदी रिहाई के बाद अपने खर्चों का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे और छोटे व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन पाएंगे। कार्यक्रम में आरसेटी के निदेशक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026

