रायगढ़, 10 जून 2026। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी एवं प्राथमिकता वाली महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों की ई-केवाईसी के सफल क्रियान्वयन में रायगढ़ जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित इस महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी अभियान में रायगढ़ जिले ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
राज्य स्तरीय प्रगति रिपोर्ट के अनुसार रायगढ़ जिले ने 96.47 प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण करते हुए प्रदेश के सभी 33 जिलों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की सुनियोजित रणनीति, निरंतर समीक्षा, विभागीय समन्वय और जमीनी स्तर पर किए गए अथक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। जिले में शेष बचे लाभार्थियों की ई-केवाईसी भी तेजी से पूर्ण कराने के लिए अमला घर-घर पहुंचकर कार्य कर रहा है।
जिला प्रशासन ने इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से इसकी समीक्षा की। कलेक्टर के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से कार्य किया। प्रत्येक स्तर पर मॉनिटरिंग की गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र हितग्राही ई-केवाईसी से वंचित न रहे।
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम स्तरीय कर्मचारियों तथा मैदानी अमले ने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों को जागरूक किया। जिन महिलाओं को तकनीकी या दस्तावेज संबंधी समस्याएं थीं, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके परिणामस्वरूप जिले में ई-केवाईसी की प्रगति लगातार बढ़ती गई और रायगढ़ ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया।
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसके तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान को बढ़ावा देना है।
योजना का लाभ वास्तविक और पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे, इसके लिए ई-केवाईसी को अनिवार्य किया गया है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। रायगढ़ जिले की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
जिले की इस उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी विभागों, मैदानी कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की है। साथ ही शेष लाभार्थियों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026


