रायगढ़। रायगढ़ जिले में पांच दिनों से लापता एक युवक का जंगल में फांसी के फंदे पर लटकता सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार भगवानपुर क्षेत्र निवासी अभिषेक राजभर, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी-गाजीपुर क्षेत्र का रहने वाला था, पिछले पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी और अपने स्तर पर भी लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम जामगांव के जंगल में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था। सूचना मिलने पर चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक का एक युवती से प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आ रही है। इसी आधार पर परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है और पूरे घटनाक्रम की गहन व निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


