📍रायगढ़ | 14 जुलाई 2026
सक्रिय मानसून के बीच रायगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राज्य शासन के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान को व्यापक स्तर पर गति दी गई है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, महिला स्व-सहायता समूहों, किसानों, युवाओं, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि रायगढ़ एवं धरमजयगढ़ वनमंडल ने वर्षा ऋतु 2026 के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। रायगढ़ वनमंडल के रायगढ़, खरसिया, घरघोड़ा और तमनार परिक्षेत्र के 27 स्थलों पर 448.49 हेक्टेयर क्षेत्र में 3 लाख 43 हजार 212 पौधों का रोपण किया जाएगा। यह कार्य राज्य कैम्पा मद के अंतर्गत किया जाएगा।
वन विभाग की हाईटेक रोपणियों में सागौन, जामुन, बेल, अर्जुन, आँवला, नीम सहित स्थानीय जलवायु के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार किए गए हैं। अभियान के तहत क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण, सेफ्टी जोन, ट्रांसमिशन लाइन के नीचे बौनी प्रजातियों का रोपण तथा वन्यजीव एवं पक्षी संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विशेष पौधारोपण भी किया जाएगा। प्रत्येक स्थल पर रोपण प्रभारी एवं सहायक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत इस वर्ष जिले के 44 किसान लगभग 83.11 एकड़ निजी भूमि पर 50,118 पौधे लगाएंगे। इनमें सागौन, बांस और क्लोनल नीलगिरी शामिल हैं, जिससे किसानों को भविष्य में अतिरिक्त आय का स्रोत भी मिलेगा।
कलेक्टर ने जिले के सभी बड़े उद्योगों और कंपनियों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए उनके परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पीपल के पौधों का बड़े पैमाने पर रोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला पर्यावरण विभाग इसकी निगरानी करेगा, जबकि उद्यानिकी विभाग की विभिन्न शासकीय रोपणियों से कुल 8,950 पीपल के पौधे उद्योगों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अभियान में जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयाँ भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगी, जिससे रायगढ़ को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

