रायगढ़। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। सर्वोच्च न्यायालय एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गठित जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने कांशीराम चौक, छातामुड़ा चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर सघन कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 से अधिक वाहनों पर लगभग ₹41 हजार का जुर्माना लगाया।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम महेश शर्मा, डीएसपी (यातायात), तहसीलदार, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी तथा जिला परिवहन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
राजमार्ग से हटाए गए अवैध अतिक्रमण
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के राइट ऑफ वे क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण, दुकानों के सामने बने अस्थायी शेड, सड़क पर किए गए अतिक्रमण और अन्य बाधाओं को हटाया गया। संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई
राजमार्गों और प्रमुख चौराहों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े भारी एवं अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 41 से अधिक वाहनों का चालान काटा गया और लगभग ₹41 हजार का अर्थदंड वसूला गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में बाधा बनने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।
15 मीटर दायरे में निर्माण पर रोक
जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 15 मीटर की परिधि के भीतर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अथवा संबंधित मंत्रालय की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण, लाइसेंस अथवा अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी या नवीनीकृत नहीं किया जाएगा।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने दुकानदारों, ढाबा संचालकों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी जिलेभर में ऐसे औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक एवं आर्थिक कार्रवाई की जाएगी।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

