रायगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से मानसून के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि इस मौसम में जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर इनसे बचाव किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार नागरिकों को केवल स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीना चाहिए तथा ताजा और गर्म भोजन का ही सेवन करना चाहिए। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और बासी भोजन से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही भोजन करने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोना आवश्यक बताया गया है।
बारिश के दौरान घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों का प्रजनन न हो सके। मच्छरदानी, फुल बाजू के कपड़े और मच्छररोधी क्रीम का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, दस्त, उल्टी, लगातार खांसी या सांस लेने में परेशानी हो तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की गई है। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता बनाए रखें, संतुलित आहार लें और मानसून के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें। सावधानी और जागरूकता ही स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

