रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार–उरबा–लैलूंगा मुख्य जिला मार्ग पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता, बिलासपुर परिक्षेत्र द्वारा इस मार्ग के केरोला से तोलगे तक विशेष मरम्मत कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। स्वीकृति के अनुसार सड़क के दो हिस्सों में मरम्मत कार्य कराया जाएगा, जिस पर कुल 19.99 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार पहला कार्य किमी 36/10 से 41/4 तक लगभग 4.80 किलोमीटर सड़क की विशेष मरम्मत का होगा, जिसके लिए 10.06 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं दूसरा कार्य किमी 41/8 से 46/4 तक लगभग 4.80 किलोमीटर सड़क की मरम्मत का होगा, जिसके लिए 9.93 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह स्वीकृति लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, बिलासपुर परिक्षेत्र द्वारा 9 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से दी गई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के अंतर्गत कराया जाएगा। साथ ही संबंधित कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवश्यक विभागीय औपचारिकताएँ पूरी कर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र, कर्मचारी एवं व्यवसायी आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में जगह-जगह गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। ऐसे में विशेष मरम्मत कार्य की स्वीकृति क्षेत्र के लोगों के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि स्वीकृति के बाद जल्द ही धरातल पर कार्य प्रारंभ होगा और सड़क की स्थिति में सुधार आएगा। इससे तमनार, उरबा, लैलूंगा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।
लोक निर्माण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य केवल पर्याप्त बजट आवंटन उपलब्ध होने के बाद ही प्रारंभ किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

