रायगढ़, 15 जुलाई। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपती के जले हुए शव उनके ही घर के अंदर मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रथम दृष्टया अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मंगल राठिया (65 वर्ष) एवं उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड तथा धरमजयगढ़, कापू और रैरूमाखुर्द थानों का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के यहां पिछले लगभग तीन वर्षों से कार्यरत रामलाल चौहान (35 वर्ष) ने बताया कि वह 14 जुलाई की शाम रोज की तरह काम खत्म कर अपने घर चला गया था। उस समय घर में केवल मंगल राठिया और उनकी पत्नी मौजूद थे।
रामलाल ने बताया कि 15 जुलाई की सुबह लगभग 6 बजे जब वह काम पर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर घर के सभी कमरे खुले थे और एक कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। बाहर से देखने पर उसने कमरे के भीतर मंगल राठिया का जला हुआ शव जमीन पर पड़ा देखा। पास ही उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया का भी जला हुआ शव मिला। यह दृश्य देखकर उसने तत्काल मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
जांच एजेंसियां एफएसएल रिपोर्ट, डॉग स्क्वॉड की सहायता, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर हर एंगल से जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण घटना से स्तब्ध हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

