भव्य मंच, देशभर के कलाकारों की प्रस्तुति और चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के साथ होगा ऐतिहासिक आयोजन
रायगढ़, 7 अगस्त। कला, संस्कृति और शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली परंपरा को समर्पित 41वें चक्रधर समारोह-2026 का आयोजन इस वर्ष 14 से 23 सितंबर तक रायगढ़ के स्थानीय रामलीला मैदान में किया जाएगा। दस दिवसीय इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं चक्रधर समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समन्वित कार्ययोजना लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।
देशभर से आने वाले नामचीन कलाकारों, अतिथियों और कला प्रेमियों के स्वागत एवं सुविधा के लिए मंच, टेंट-पंडाल, विद्युत, साउंड, ग्रीन रूम, पेयजल, भोजन, आवास, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार और स्वागत सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन में लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, नगर निगम, पुलिस, रेलवे, स्वास्थ्य, खाद्य, जनसंपर्क, शिक्षा, उद्यान, महिला एवं बाल विकास सहित अनेक विभाग सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
भव्य मंच और आकर्षक सजावट बनेगी मुख्य आकर्षण
रामलीला मैदान में विशाल मंच, आधुनिक लाइट एवं साउंड सिस्टम, टेंट-पंडाल और आकर्षक सजावट की जाएगी। नगर निगम प्रतिदिन कार्यक्रम से पहले और बाद तक साफ-सफाई सुनिश्चित करेगा। परिसर में महाराजा चक्रधर सिंह का चित्र स्थापित किया जाएगा तथा उद्यान विभाग द्वारा 100 शोभादार पौधों से पूरे स्थल को सजाया जाएगा। अतिथियों और कलाकारों के स्वागत के लिए प्रतिदिन फूलमालाएं एवं गुलदस्तों की व्यवस्था भी रहेगी।
रेलवे स्टेशन से ही होगा कलाकारों का स्वागत
बाहर से आने वाले कलाकारों एवं अतिथियों के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वागत काउंटर बनाया जाएगा। प्लेटफॉर्म पर समारोह की उद्घोषणाएं होंगी, वीआईपी प्रतीक्षालय की व्यवस्था रहेगी तथा 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। होटल, गेस्ट हाउस एवं धर्मशालाओं में अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
खाद्य विभाग एवं संबंधित एजेंसियां कलाकारों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े कर्मचारियों के भोजन एवं जलपान की व्यवस्था करेंगी। स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन चिकित्सक, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार पेटी, वार्ड बॉय एवं एएनएम की तैनाती करेगा। वहीं पुलिस विभाग मुख्य द्वार, वीआईपी प्रवेश द्वार और पूरे आयोजन स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।
व्यापक प्रचार-प्रसार और लाइव प्रसारण
जनसंपर्क विभाग समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। आकाशवाणी रायगढ़ से प्रतिदिन कार्यक्रमों का प्रसारण होगा, स्थानीय केबल चैनलों पर सीधा प्रसारण कराया जाएगा तथा दूरदर्शन से भी समन्वय किया जाएगा। कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कर ऐतिहासिक दस्तावेज तैयार किए जाएंगे।
कलाकारों का होगा सम्मान
समारोह में भाग लेने वाले कलाकारों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथियों का भी पारंपरिक सम्मान किया जाएगा। आयोजन की स्मृतियों को संजोने के लिए इस वर्ष एक विशेष कॉफी टेबल बुक भी प्रकाशित की जाएगी, जिसमें समारोह की प्रमुख झलकियां और कलाकारों का विवरण शामिल रहेगा।
रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का सबसे बड़ा उत्सव
चक्रधर समारोह देश के प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य आयोजनों में गिना जाता है। हर वर्ष देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकार इसमें अपनी प्रस्तुतियां देते हैं। इस वर्ष भी जिला प्रशासन इसे ऐतिहासिक, भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
