6 सितंबर तक चलेगी सदस्यता प्रक्रिया, संविधान के अनुरूप लोकतांत्रिक तरीके से होगा निर्वाचन
जशपुर/रायगढ़, 7 अगस्त।
छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजीयन क्रमांक 409) की महासमिति बैठक में संगठन की एकता, पारदर्शिता और संविधान के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रांताध्यक्ष के चयन पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रांताध्यक्ष चुने जाने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी जिलाध्यक्षों के बीच एकमत सहमति नहीं बनने के कारण संविधान के अनुरूप आगामी 20 सितंबर 2026 को महासमिति की बैठक में निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया।
प्रांतीय संयोजक देवेन्द्र पटेल ने बैठक में संगठन के संविधान एवं नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि संघ की मजबूती लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्था से ही संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के सभी निर्णय संविधान के दायरे में रहकर ही लिए जाएंगे।
बैठक के दौरान प्रांताध्यक्ष पद के लिए अनिता नायक, कविता यादव, सुमन यादव, भारती मिश्रा एवं अनुपा कुशवाहा सहित कई नाम प्रस्तावित किए गए। सभी प्रस्तावित नामों पर जिलाध्यक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन सर्वसम्मति नहीं बनने के कारण चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।
महासमिति ने यह भी तय किया कि 6 सितंबर 2026 तक सदस्यता अभियान जारी रहेगा। इसके बाद 20 सितंबर को आयोजित महासमिति की बैठक में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत प्रांताध्यक्ष का निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में जशपुर, रायगढ़, बिलासपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, दुर्ग, कोरबा, कांकेर, महासमुंद और सरांगढ़-बिलाईगढ़ सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों एवं आजीवन सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, पारदर्शिता, लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान के पालन पर विशेष बल दिया।
बैठक के अंत में संघ ने सभी जिला एवं परियोजना पदाधिकारियों से अपील की कि वे महासमिति के निर्णयों की जानकारी अपने-अपने क्षेत्र के सभी आजीवन सदस्यों तक पहुंचाएं तथा आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में सहयोग दें।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
