शिक्षकों की कमी, प्रवेश, मध्यान्ह भोजन, साइकिल वितरण और मूलभूत सुविधाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
रायगढ़, 7 अगस्त। जिला पंचायत रायगढ़ में शुक्रवार को जिला स्तरीय शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों के प्रवेश, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों की समयबद्ध उपलब्धता, मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन, पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिल वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा विद्यालय भवनों की स्थिति, पेयजल, शौचालय तथा स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी विस्तार से मूल्यांकन किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार ने कहा कि जिले के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की शैक्षणिक या आधारभूत सुविधा से संबंधित समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचे।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी), जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत के सम्मानित सदस्य एवं विभिन्न जनपद पंचायतों के उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

