रायगढ़। कला, संगीत और संस्कृति की नगरी रायगढ़ एक बार फिर देश-प्रदेश के नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों से सराबोर होने जा रही है। 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 का भव्य शुभारंभ आज 14 सितम्बर को रामलीला मैदान, रायगढ़ में होगा। समारोह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे।
14 से 23 सितम्बर तक लगातार 10 दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन में देश और प्रदेश के ख्यात कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय संगीत, लोककला सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। कला प्रेमियों के लिए यह आयोजन रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से महसूस करने का विशेष अवसर होगा।
शाम 7.15 बजे रामलीला मैदान पहुंचेंगे राज्यपाल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका 14 सितम्बर को जिला जांजगीर-चांपा से सड़क मार्ग द्वारा रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। वे शाम 4.30 बजे जिंदल स्टील गेस्ट हाउस, पतरापाली, रायगढ़ पहुंचेंगे।
इसके बाद राज्यपाल शाम 7.15 बजे रामलीला मैदान पहुंचकर 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समारोह के उद्घाटन के बाद राज्यपाल जिंदल स्टील गेस्ट हाउस, पतरापाली में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 15 सितम्बर को पूर्वान्ह 11.30 बजे वे जिंदल स्टील गेस्ट हाउस से जिला जांजगीर-चांपा के लिए प्रस्थान करेंगे।
रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख उत्सव
महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना और रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को समर्पित चक्रधर समारोह आज देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। हर वर्ष इस समारोह में देशभर से कलाकार और कला प्रेमी जुटते हैं।
इस वर्ष भी 10 दिनों तक रामलीला मैदान में कला और संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और कला प्रेमियों को देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों का बेसब्री से इंतजार है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
